बड़े मंगल पर चंचाई माता मंदिर में हनुमान जी का गुणगान, प्रसाद सहभोज
बड़े मंगल पर चंचाई माता मंदिर में हनुमान जी का गुणगान, प्रसाद सहभोज
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
आदर्श नगर पंचायत क्षेत्र स्थित अति प्राचीन चंचाई माता मंदिर में मंगलवार को ज्येष्ठ माह के दूसरे एवं विशेष “बड़ा मंगल” (बुढ़वा मंगल) के पावन अवसर पर भव्य प्रसाद सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर हनुमान जी का पूजन-अर्चन किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व चंचाई माता सेवा समिति मंदिर के अध्यक्ष संतोष पांडे द्वारा किया गया। उन्होंने मंदिर परिसर में पहुंचे सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत एवं सम्मान किया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालु एक साथ बैठकर हनुमान जी के गुणगान एवं भजन-कीर्तन में शामिल हुए तथा प्रसाद स्वरूप दही-चूड़ा और शरबत ग्रहण किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि ज्येष्ठ माह का बड़ा मंगल हनुमान जी की उपासना के लिए अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने, बजरंगबली को सिंदूर एवं तुलसी अर्पित करने तथा हनुमान चालीसा का पाठ करने से संकट दूर होते हैं, साहस और ऊर्जा की प्राप्ति होती है तथा मंगल दोष शांत होता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि हनुमान जी के दर्शन मात्र से कष्टों का निवारण होता है। इसी धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंदिर समिति के अध्यक्ष संतोष पाण्डेय, भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल, संगठन मंत्री काशीनाथ, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, सुनील त्रिपाठी, संजय त्रिपाठी, अमित जायसवाल, विपिन त्रिपाठी, ज्ञानचंद शहानी, अम्बिका त्रिपाठी, अमरदीप सिंह, वीरेंद्र यादव, गौरव दुबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


