केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, डीएम और एसपी ने आमजन संग किया वृहद योगाभ्यास।
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, डीएम और एसपी ने आमजन संग किया वृहद योगाभ्यास।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर महराजगंज में ‘योगोत्सव’ का भव्य आयोजन।
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार की सुबह महराजगंज के छत्रपति शाहू जी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य ‘योगोत्सव’ का आयोजन किया गया। ‘स्वस्थ मन, स्वस्थ समाज’ के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने आमजन, प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस बल के जवानों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर योग का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंगलाचरण के साथ हुआ। इस दौरान स्टेडियम परिसर में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा सरकारी कर्मचारियों ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के संतुलन का वैज्ञानिक मार्ग है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण के लिए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत की इस प्राचीन ज्ञान परंपरा को आज वैश्विक स्तर पर जो सम्मान प्राप्त हुआ है, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि योग मानसिक तनाव को दूर कर कार्यक्षमता एवं सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत शिथिलीकरण अभ्यास, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, वज्रासन, भुजंगासन सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया। इसके बाद ध्यान एवं शांति पाठ के साथ योग सत्र का समापन हुआ।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



