सोनौली में अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना पहली प्राथमिकता: ईओ सुरभि मिश्रा
सोनौली में अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना पहली प्राथमिकता: ईओ सुरभि मिश्रा
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क । आदर्श नगर पंचायत सोनौली की नवागत अधिशासी अधिकारी (ईओ) कुमारी सुरभि मिश्रा ने नगर पंचायत क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद इंडो नेपाल न्यूज़ से विशेष बातचीत में कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में लंबित एवं अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी महत्वपूर्ण एवं लंबित कार्यों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में नगर पंचायत कार्यालय के लिए नए स्थान की तलाश की जा रही है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। नगर के विकास से जुड़े जो भी कार्य विभिन्न कारणों से लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा।
गौशाला में हाल ही में हुई गाय की मौत के संबंध में उन्होंने कहा कि यह एक दुर्घटना थी। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। पशुओं के उपचार हेतु दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है तथा बीमार पशुओं के लिए अलग से शेड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर देखभाल मिल सके।
ईओ सुरभि मिश्रा ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के कई पोखरों के सुंदरीकरण तथा मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगर की सुंदरता और धार्मिक स्थलों की गरिमा में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि आदर्श नगर पंचायत सोनौली को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।



