डीएम, एसपी ने व्यापारियों को दिया सुरक्षा का भरोसा, समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

डीएम, एसपी ने व्यापारियों को दिया सुरक्षा का भरोसा, समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क: जनपद में उद्योग एवं व्यापार को प्रोत्साहन देने, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, उद्यमी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की वैध समस्याओं को किसी भी स्थिति में लंबित न रखा जाए तथा उनका निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को सुरक्षा का पूर्ण भरोसा दिलाते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों को बाजारों में नियमित गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता की जांच करने तथा व्यापारियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करेगी।
बैठक में प्रशासन द्वारा बताया गया कि उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
व्यापारियों एवं उद्यमियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से समस्याओं के समाधान में तेजी आती है तथा उद्योग एवं व्यापार के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *