नौतनवां में मोहर्रम पर निकला भव्य ताजिया जुलूस

नौतनवां में मोहर्रम पर निकला भव्य ताजिया जुलूस
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क।
पैगंबर मोहम्मद साहब के नवासे इमाम हुसैन और उनके परिवार के 72 साथियों की शहादत की याद में मनाए जाने वाले मोहर्रम के अवसर पर नगर में ताजिया के साथ एक विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में शामिल अकीदतमंदों ने मातम करते हुए इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद किया। मातम के दौरान कई लोग सीना पीटते हुए तथा लोहे की जंजीरों और छुरियों से स्वयं को जख्मी कर गम का इजहार करते हुए आगे बढ़े।
जुलूस सरदार शहीद भगत सिंह चौक, हनुमान चौक, न्यू मार्केट, मुख्य मार्ग, घंटाघर, गांधी चौक होते हुए कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजिया को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने जायरीनों के लिए शीतल पेयजल एवं मिष्ठान की व्यवस्था कराई। साथ ही उन्होंने स्वयं पूरे नगर में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि कर्बला के तपते रेगिस्तान में भूख और प्यास सहते हुए इमाम हुसैन ने अपने 72 साथियों के साथ अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि कर्बला का यह इतिहास हमें सिखाता है कि अन्याय, अत्याचार और अहंकार के सामने कभी भी सिर नहीं झुकाना चाहिए। इमाम हुसैन का बलिदान पूरी मानवता के लिए सत्य, इंसाफ और इंसानियत की रक्षा का अमर संदेश है।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज, सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, सुरेन्द्र बहादुर जायसवाल उर्फ चड्ढा, अनिल जायसवाल, संजय मौर्या, अभय कुमार, राहुल दूबे, राजू अग्रहरि, अशोक रौनियार, प्रधान लिपिक रमाशंकर सिंह, संतोष श्रीवास्तव, अमित जायसवाल, राजकुमार गौड़, प्रमोद पाठक सहित नगर पालिका के सभी सभासद एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
महराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *