2.25 करोड़ की 12 सड़कों से बदलेगी बृजमनगंज की तस्वीर”— राकेश जायसवाल अध्यक्ष
2.25 करोड़ की 12 सड़कों से बदलेगी बृजमनगंज की तस्वीर”— राकेश जायसवाल अध्यक्ष
आई एन न्यूज बृजमनगंज डेस्क। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में विकास की नई इबारत लिखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 2 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 12 सड़कों का विधिवत शिलान्यास नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण का उद्देश्य नगरवासियों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना तथा नगर की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएंगे। सड़कें बनने के बाद लोगों को वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी और नगर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारु एवं सुरक्षित होगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि प्रत्येक वार्ड तक विकास की रोशनी पहुँचाना नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सभासद झिनक विश्वकर्मा, प्रद्युम्न सिंह, शिव प्रसाद चौरसिया, जेपी गौड़, राजू जायसवाल, रवि यादव, धर्मेंद्र चौरसिया, कृष्ण मोहन सिंह, अंबेडकर कुमार, भदाई चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।



