ताला बंद, ट्रेन चालू! नईकोट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की मुसीबत, टिकट बाबू गायब,
“ताला बंद, ट्रेन चालू! नईकोट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की मुसीबत, टिकट बाबू गायब,
बिना टिकट सफर को मजबूर हुए लोग”
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा–फरेंदा रेलखंड पर स्थित नईकोट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रेलवे प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के बावजूद टिकट काउंटर पर ताला लटका रहा और टिकट जारी करने वाला कर्मचारी ड्यूटी से नदारद रहा। टिकट लेने पहुंचे यात्रियों की लंबी कतार लग गई, लेकिन काफी देर तक काउंटर नहीं खुलने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रेन छूटने की चिंता में कई यात्रियों को मजबूरन बिना टिकट ही ट्रेन में सवार होना पड़ा। यात्रियों का कहना था कि यदि समय पर टिकट काउंटर खुल जाता तो उन्हें ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। रेलवे कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा सीधे यात्रियों को भुगतना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार नईकोट रेलवे स्टेशन नौतनवा–फरेंदा रेलमार्ग का सबसे पुराना स्टेशनों में से एक है, लेकिन आज भी यह स्टेशन पूरी तरह व्यवस्थित व्यवस्था से वंचित है। आरोप है कि स्टेशन पर टिकट व्यवस्था ठेके के भरोसे संचालित हो रही है, जिसके कारण टिकट काउंटर के खुलने और बंद होने का कोई निश्चित समय नहीं रहता। कई बार कर्मचारी समय से नहीं पहुंचते, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
नईकोट स्टेशन ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए फरेंदा, गोरखपुर और अन्य स्थानों तक पहुंचने का प्रमुख माध्यम है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और आम यात्री इसी स्टेशन से यात्रा करते हैं। इसके बावजूद स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं और नियमित टिकट व्यवस्था का अभाव बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने पूर्वोत्तर रेलवे के उच्च अधिकारियों से नईकोट स्टेशन पर नियमित टिकट कर्मी की तैनाती, टिकट काउंटर के निर्धारित समय पर संचालन तथा स्टेशन की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में यात्रियों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। रेलवे प्रशासन की इस लापरवाही ने एक बार फिर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।



