बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं: बृजेश मणि त्रिपाठी अध्यक्ष
बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं: बृजेश मणि त्रिपाठी अध्यक्ष
आई एन न्यूज नौतनवां डेस्क । पोलियो दिवस के अवसर पर नौतनवां नगर के आदर्श जूनियर हाई स्कूल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर विशेष पोलियो अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि पोलियो दिवस केवल एक औपचारिक दिवस नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। साथ ही स्वच्छता अपनाकर और जन-जागरूकता फैलाकर ही पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को पूरी तरह समाप्त रखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पोलियो की दो बूंद बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी सुरक्षा है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को सफल बनाने में सभी नागरिकों को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में सभासद राहुल दूबे, अशोक रौनियार, फार्मासिस्ट धर्मेंद्र शाही, एएनएम दुर्गावती यादव, रवि त्रिपाठी, प्रमोद पाठक सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की उपस्थिति रही।



