नौतनवां: सेवा भारती संस्कार केंद्र का मासिक अभ्यास प्रशिक्षण वर्ग संपन्न
नौतनवां: सेवा भारती संस्कार केंद्र का मासिक अभ्यास प्रशिक्षण वर्ग संपन्न
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क ।
सेवा भारती द्वारा संचालित संस्कार केंद्रों का मासिक अभ्यास प्रशिक्षण वर्ग रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर, निकट ठाकुरद्वारा, नौतनवा में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में संस्कार केंद्रों की शिक्षिकाओं एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संपूर्ण वंदना, भोजन मंत्र, गायत्री मंत्र, अक्षर ज्ञान तथा बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देने की प्रभावी पद्धतियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलीप लखानी ने की। इस अवसर पर जिला सेवा प्रमुख उमेश विश्वकर्मा, सेवा भारती के जिला उपाध्यक्ष किशोर मद्धेशिया, पूर्णकालिक कार्यकर्ता संदीप सिंह, रामचंद्र जी, सदन मोहन तथा श्रीमती वंदना सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वक्ताओं ने कहा कि सेवा भारती के संस्कार केंद्र समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। ऐसे नियमित प्रशिक्षण वर्गों से शिक्षिकाओं की कार्यक्षमता बढ़ती है और संस्कार केंद्रों की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार होता है।
प्रशिक्षण वर्ग का समापन सभी प्रतिभागियों के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि वे समाज के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा और संस्कार की ज्योति पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।
महराजगंज – उत्तर प्रदेश।



