धान की रोपाई से पहले बुझ गया घर का चिराग: आकाशीय बिजली ने छीन ली 9 वर्षीय आयुष की जिंदगी”

धान की रोपाई से पहले बुझ गया घर का चिराग: आकाशीय बिजली ने छीन ली 9 वर्षीय आयुष की जिंदगी”
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। आकाशीय बिजली गिरने से 9 वर्षीय मासूम आयुष चौरसिया, पुत्र सुरेश चौरसिया, की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे आयुष अपने माता-पिता के साथ खेत में धान का बीया (नर्सरी) काटने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में गिर गई। आयुष इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि परिजनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मासूम बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं, लेकिन हर आंख नम है। जिसने भी इस घटना की जानकारी सुनी, वह स्तब्ध रह गया।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि बरसात के मौसम में खेतों और खुले स्थानों पर काम करते समय विशेष सतर्कता बरतना कितना जरूरी है। प्रकृति की एक अप्रत्याशित मार ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *