14 वर्षीय किशोर की पिटाई पर न्याय की मांग को लेकर भाजपा नेता ने दी आंदोलन की चेतावनी”

14 वर्षीय किशोर की पिटाई पर न्याय की मांग को लेकर भाजपा नेता ने दी आंदोलन की चेतावनी”

.आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क ।स्थानीय कस्बे के लोहिया नगर निवासी 14 वर्षीय किशोर मोहम्मद समल के साथ कथित पुलिस मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। चौकी इंचार्ज नौतनवा और उनके साथ मौजूद दो सिपाहियों पर किशोर को बेरहमी से पीटने का आरोप लगने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जायसवाल ने गुरुवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नौतनवा को तीन सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सबसे पहले पीड़ित किशोर मोहम्मद समल का तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह स्वयं कर रहे हैं और उन्होंने तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया है। हालांकि उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर पीड़ित किशोर का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया तो 13 जुलाई से नौतनवा तहसील परिसर में पुलिसिया उत्पीड़न के विरोध में धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है और उन्हें भी धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने दो टूक कहा, “जब तक पीड़ित किशोर को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।”
वहीं, इस पूरे प्रकरण पर पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्षता से की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपित दोनों सिपाही फिलहाल बाहर हैं। उनके बयान दर्ज होने के बाद जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित को हर हाल में न्याय मिलेगा।
मांगपत्र सौंपने के दौरान राजन वर्मा, राजू पहलवान, राजा सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *