अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोर नौतनवा पुलिस के हत्थे, दो चोरी की बाइक बरामद
अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोर नौतनवा पुलिस के हत्थे, दो चोरी की बाइक बरामद
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी डुप्लीकेट चाबी के सहारे मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें भारत से नेपाल ले जाकर औने-पौने दामों में बेच देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, नेपाल में वाहन बेचने से प्राप्त 5,120 नेपाली रुपये एवं 630 भारतीय रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर नौतनवा थाना पुलिस ने रतनपुर एसएसबी रोड स्थित डण्डा नदी पुल के पास जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने वाहन चोरी कर नेपाल में बेचने के गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त का वाहन चोरी का नेटवर्क गोरखपुर और महराजगंज जनपद तक फैला हुआ था। आरोपी के विरुद्ध दोनों जनपदों के विभिन्न थानों में 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जिससे उसकी शातिर अपराधी छवि उजागर होती है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी के वाहनों को नेपाल में किन लोगों के माध्यम से बेचा जाता था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



