फरेंदा सीएचसी के पास ट्रेलर से भिड़ी बाइक, एक युवक की हालत गंभीर
फरेंदा सीएचसी के पास ट्रेलर से भिड़ी बाइक, एक युवक की हालत गंभीर
आई एन न्यूज फरेंदा डेस्क :
फरेंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के समीप शुक्रवार के तीसरे पहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक ट्रेलर से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गोरखपुर से नौतनवा की ओर बाइक से जा रहे थे। सीएचसी फरेंदा के पास ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा, जिससे बाइक सामने चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना काफी भीषण थी और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों की पहचान फरेंदा क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



