छात्रवृत्ति नहीं, सपनों को मिली उड़ान: मेधावी छात्रों के सम्मान में आगे आया जायसवाल समाज”


“छात्रवृत्ति नहीं, सपनों को मिली उड़ान: मेधावी छात्रों के सम्मान में आगे आया जायसवाल समाज”
इंडो नेपाल न्यूज़, नौतनवा डेस्क।
नगर के जायसवाल सभा अतीत भवन द्वारा रविवार की शाम आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में नौतनवा नगर के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि गोरखपुर के उद्योगपति एवं समाजसेवी गिरिजा शंकर जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिकेत जायसवाल रहे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी है और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जायसवाल सभा भविष्य में इस अभियान को और व्यापक बनाएगी तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने समिति को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नौतनवा नगर के लगभग एक दर्जन विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके विद्यालयों के माध्यम से छात्रवृत्ति के चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यालय प्रबंधक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जायसवाल सभा अतीत भवन के अध्यक्ष उमाशंकर जायसवाल ने की। समारोह में नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी सुधाकर जायसवाल, राजाराम जायसवाल, कृष्ण मुरारी जायसवाल, रिंकू जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष अशोक जायसवाल, विंध्याचल जायसवाल, रमेश चंद्र जायसवाल, बेचू जायसवाल, सनी जायसवाल, संतोष जायसवाल और सूरज जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे जिन्होंने अपनी शुभकामनाएं दी।
समारोह के अंत में आयोजकों ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए यह छात्रवृत्ति योजना निरंतर जारी रहेगी, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी छात्र की शिक्षा में बाधा न बने।
.
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



