नौतनवा रेलवे अंडरपास में 50 वर्षीय व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी
नौतनवा रेलवे अंडरपास में 50 वर्षीय व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा रेलवे स्टेशन से सटे अंडरपास में सोमवार सुबह एक 50 वर्षीय व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले लोगों ने अंडरपास में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस द्वारा मृतक की पहचान नौतनवा थाना क्षेत्र के बरवा भोज निवासी राकेश भारती (50 वर्ष) पुत्र सीताराम के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि राकेश भारती नौतनवा कस्बे की एक कपड़े की दुकान पर कार्य करते थे। उनका शव अंडरपास के अन्दर खून से लथपथ अवस्था में मिला, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष नौतनवा अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मृतक घर जाते समय शराब के नशे में गिर गया होगा, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



