मां-बाप के साये के बाद अब जिंदगी भी रूठ गई, 16 वर्षीय किशोरी की मौत से गम में डूबा परिवार”
“मां-बाप के साये के बाद अब जिंदगी भी रूठ गई, 16 वर्षीय किशोरी की मौत से गम में डूबा परिवार”
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा कस्बे के गांधी चौक स्थित एक घर में सोमवार की शाम 16 वर्षीय किशोरी का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन उसे तत्काल फंदे से उतारकर निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी चौक निवासी 16 वर्षीय किशोरी कक्षा 9 की छात्रा थी। उसके माता-पिता का काफी पहले निधन हो चुका था। वह अपने दादा और बड़ी बहन के साथ रहती थी।
बताया गया कि सोमवार सुबह दादा किसी कार्य से जिला मुख्यालय चले गए थे, जबकि बड़ी बहन सोनौली नगर पंचायत कार्यालय में अपनी ड्यूटी पर गई थी। घर में किशोरी अकेली थी।
शाम करीब छह बजे जब बड़ी बहन ड्यूटी से वापस घर पहुंची तो उसने कमरे के भीतर अपनी छोटी बहन को छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किशोरी को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। माता-पिता के पहले ही निधन के बाद इस घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



