बचपन व ए.बी. स्कूल में गुरु पूर्णिमा उत्साह से मनाई

,

बचपन व ए.बी. स्कूल में गुरु पूर्णिमा उत्साह से मनाई

आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । बचपन ए प्ले एवं ए.बी. इंटरनेशनल स्कूल, नौतनवा में गुरु पूर्णिमा का पर्व बुधवार को श्रद्धा, आस्था और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से बच्चों को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गुरु पूर्णिमा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि इसी दिन महर्षि वेदव्यास का जन्म हुआ था। महर्षि व्यास को भारतीय संस्कृति के महान ऋषियों में से एक माना जाता है और उनके योगदान को स्मरण करने के लिए यह पर्व मनाया जाता है।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहानी एवं लघु नाटक के माध्यम से बच्चों को गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता समझाई। इस दौरान एकलव्य और गुरु द्रोणाचार्य की प्रेरणादायी कथा सुनाई गई, जिससे बच्चों ने गुरु के प्रति समर्पण, श्रद्धा और अनुशासन का संदेश ग्रहण किया। बच्चों ने सामूहिक रूप से “गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वरः…” मंत्र का उच्चारण किया तथा उसका अर्थ भी जाना।
कार्यक्रम में बच्चों ने अपने प्रथम गुरु माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यालय के शिक्षकों को सम्मानपूर्वक धन्यवाद देकर उनके प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र रेयांश और रूद्र गुरु के आकर्षक वेश में सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे थे।
विद्यालय की डायरेक्टर अंजली ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें अपने माता-पिता और गुरुजनों का सदैव सम्मान करना चाहिए तथा उनके द्वारा दी गई शिक्षा और संस्कारों का जीवनभर अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊंचा माना गया है, क्योंकि गुरु ही अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश प्रदान करते हैं। उन्होंने अंत में कहा कि गुरु पूर्णिमा ज्ञान, संस्कार और सम्मान का पर्व है, जो हमें जीवन में सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों में ॐ, रूद्र, रेयांश, सामर्थ, सुप्रिया, अरशदीप, आदित्य, अनन्या, अनाया, किआरा, कार्तिक, अद्रीका, क्षितिज, योगिता, भाविका, अवयान, आयु सहित अन्य बच्चे उपस्थित रहे। वहीं शिक्षिकाओं में मनिता, रिंकल, श्रद्धा, अंशिका, इशिता, तेजस्वी, वैष्णवी, मोनिका, प्रीती, अंजलि, प्रियंका एवं ईशा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *