सोनौली: बंद पड़े अस्पताल के बाहर मिला नेपाली युवक का शव, सिर और मुंह पर चोट के निशान
सोनौली: बंद पड़े अस्पताल के बाहर मिला नेपाली युवक का शव, सिर और मुंह पर चोट के निशान
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क । भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली कस्बे में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे एक बंद पड़े अस्पताल के बाहर करीब 45 वर्षीय अज्ञात नेपाली युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सिर और मुंह पर हल्के चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत सोनौली में निरंजना होटल के सामने स्थित बंद पड़े अस्पताल के बाहर स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल सोनौली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव की पहचान कराने की कवायद शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष सोनौली महेंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष प्रतीत होती है और वह नेपाली नागरिक लगता है। उसके सिर और मुंह पर चोट के निशान पाए गए हैं। वह मानसिक रूप से अर्ध विक्षिप्त था पिछले कई दिनों से भारत से नेपाल घूम रहा था।
शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जायेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


