तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस: DIG, जिलाधिकारी व एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं
तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस: DIG, जिलाधिकारी व एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क। जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सदर में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी महराजगंज तथा पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, पैमाइश, राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
DIG एस. चन्नप्पा ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
भूमि विवाद एवं पैमाइश से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विवादों का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि आम जनमानस की समस्याओं का पारदर्शी, सुलभ और समयबद्ध समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखने और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराना है।
जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


