महराजगंज में पुलिस कप्तान का चला चाबुक, 36 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर; महकमे में मचा हड़कंप

महराजगंज में पुलिस कप्तान का चला चाबुक, 36 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर; महकमे में मचा हड़कंप
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क । जनपद में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। एसपी ने जनहित एवं प्रशासनिक हित में जनपद में तैनात 36 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित (लाइन हाजिर) कर दिया है। पुलिस कप्तान की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों के कार्यों की समय-समय पर समीक्षा की जाती है। इसी क्रम में प्रशासनिक आवश्यकताओं, कार्यहित और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से 36 पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेजने का निर्णय लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी पुलिसकर्मियों को जनसुनवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और प्रभावी ढंग से निर्वहन करने पर जोर दिया है।
महराजगंज पुलिस की ओर से कहा गया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।
एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन और कार्यप्रणाली को लेकर दिए जा रहे सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। 36 पुलिसकर्मियों के एक साथ लाइन हाजिर होने से विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *