पैसिया उर्फ कनघुसरी से बैजनाथपुर चरका तक बनेगी सीसी सड़क, विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया शिलान्यास

पैसिया उर्फ कनघुसरी से बैजनाथपुर चरका तक बनेगी सीसी सड़क, विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया शिलान्यास
आई एन न्यूज लक्ष्मीपुर डेस्क । विकासखंड लक्ष्मीपुर के अड्डा बाजार से सटे ग्राम पंचायत पैसिया उर्फ कनघुसरी से बैजनाथपुर चरका संपर्क मार्ग के सीसी रोड निर्माण कार्य का रविवार को नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने शिलापट से पटका हटाकर विधिवत शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा जिन मार्गों के निर्माण की आवश्यकता बताई जा रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नौतनवा और लक्ष्मीपुर विकासखंड की तमाम ग्राम सभाएं दशकों से विकास की अपेक्षा में थीं। ऐसे गांवों में सीसी सड़कों का निर्माण कर उन्हें कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत दिलाने का प्रयास किया गया है।
विधायक ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उनके चार वर्ष के कार्यकाल में नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में जितना विकास कार्य हुआ है, शायद ही जिले के किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र में हुआ हो। उन्होंने कहा, “40 साल बनाम 4 साल का आप स्वयं मूल्यांकन कर सकते हैं। नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में विकास की साफ तस्वीर दिखाई देगी।”
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांवों का संपर्क बेहतर होगा। सरकार की विकास योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, लक्ष्मीपुर विकासखंड के चंद्र प्रकाश मिश्रा, हरिकेश पाठक, प्रधान राम अचल यादव, राजेंद्र जायसवाल, जितेंद्र सिंह, महबूब आलम, मुलई प्रजापति, प्रधान सुग्रीम यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश यादव ने किया।

महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *