सोनौली: दुकान में घुसकर दबंगई, दो हिरासत में, जान से मारने की धमकी से मचा हड़कंप
सोनौली: दुकान में घुसकर दबंगई, दो हिरासत में, जान से मारने की धमकी से मचा हड़कंप
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क : सोनौली कस्बे में बीते शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब एक दुकान पर कुछ लोग कथित तौर पर गोलबंद होकर पहुंचे और दुकान मालिक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विवाद बढ़कर मारपीट का रूप लेता, इससे पहले ही स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और कस्बे का माहौल बिगड़ने से बच गया और सारा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया।
सोनौली नगर के प्रतिष्ठित कपड़ा व्यवसायी प्रताप मद्धेशिया ने सोनौली कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कस्बे के ही जमाल अहमद और उनके दो पुत्र अन्य लोगों के साथ गोलबंद होकर उनकी दुकान में घुस आए। आरोप है कि दुकान में पहुंचने के बाद उनके साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। व्यवसायी के अनुसार, मामला गंभीर रूप लेता और मारपीट होती, उससे पहले आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के जमाल अहमद की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक प्रताप मद्धेशिया के यहां उनका कुछ लेन-देन है। इसी सिलसिले में वह दुकान पर गए थे, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जमाल अहमद के अनुसार, वह वहां से वापस अपनी दुकान पर आए और घटना की जानकारी अपने पुत्रों को दी। इसके बाद उनके दोनों पुत्र आक्रोशित होकर दोबारा प्रताप की दुकान पर पहुंचे, जहां विवाद और दुर्व्यवहार की स्थिति उत्पन्न हुई।
पुलिस ने दो को लिया हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनौली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर और घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।




















