नौतनवा में नशे की पकड़ी गयी बड़ी खेप, दो गिरफ्तार

नौतनवा में नशे की पकड़ी गयी बड़ी खेप, दो गिरफ्तार
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए एक स्विफ्ट कार से 2283 पीस प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन की बरामदगी से इलाके में चल रहे नशे के नेटवर्क को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, एसएसबी रोड स्थित बैरियहवा पुल के पास मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार यूपी 53 ईडी 7338 को रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें नशे के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले बड़ी संख्या में प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जिलानी उर्फ जाकिर पुत्र मोहम्मद याकूब, निवासी वार्ड नंबर 16 बहादुर शाह नगर, थाना नौतनवा तथा सुग्रीव पुत्र बृजलाल चौहान, निवासी गजरहा, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
2283 इंजेक्शन समेत मोबाइल और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डायजेपाम के 156 पीस, ब्रूफेन के 776 पीस तथा 861 टेंपल इंजेक्शन, कुल 2283 पीस नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। इसके अलावा तलाशी में एक पैड फोन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 900 रुपये भारतीय मुद्रा भी बरामद हुई है।
थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे सीमा क्षेत्र में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
नशा तस्करों को पुलिस की दो टूक चेतावनी
नौतनवा थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के क्रम में बुधवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर कार समेत दोनों आरोपियों को नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया गया।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध स्थानीय थाने में धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *