धूप झुलसाती रही, तिरंगा लहराता रहा—ऋषि त्रिपाठी की अगुवाई में नौतनवा मे उमड़ा तिरंगा सैलाब

धूप झुलसाती रही, तिरंगा लहराता रहा—ऋषि त्रिपाठी की अगुवाई में नौतनवा मे उमड़ा तिरंगा सैलाब
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । स्वतंत्रता दिवस से पहले नौतनवा में गुरुवार को देशभक्ति का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे नगर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी के नेतृत्व में छपवा बाईपास से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। चिलचिलाती धूप के बावजूद हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोग करीब तीन किलोमीटर तक पैदल चले और देश के प्रति अपने जज्बे का जोरदार प्रदर्शन किया।
तिरंगा यात्रा का अटल चौक पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में युवा, बच्चे, बुजुर्ग और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। करीब दो से तीन किलोमीटर लंबी इस यात्रा के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरा नगर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा की कमान स्वयं विधायक ऋषि त्रिपाठी संभाल रहे थे। उनके साथ नौतनवा नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी और नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश भी हाथों में तिरंगा लेकर कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सरस्वती शिशु मंदिर, ओके एनसीसी सहित कई विद्यालयों के बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीतों और नारों के बीच झूमते नजर आए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई मनमोहक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सभी का मन मोह लिया।
भव्य तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के नेतृत्व में नौतनवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह, सोनौली थाना प्रभारी महेंद्र मिश्र और मलिक परसा थानाध्यक्ष सहित भारी पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मियों ने पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभाले रखा।
.यात्रा के दौरान विधायक ऋषि त्रिपाठी, चेयरमैन बृजेश मणि त्रिपाठी और ब्लॉक प्रमुख राकेश सहित सभी लोगों ने तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस से पहले निकली इस यात्रा ने नौतनवा के माहौल को पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नौतनवा विकासखंड के बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान,अनिल बर्मा, विजय मद्धेशिया, बैजनाथ यादव राम अचल यादव, समाजसेवी नंदलाल जायसवाल, राजाराम जायसवाल, व्यापारी नेता संतोष जायसवाल, कृष्ण बेरीवाला, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप सिंह, प्रदीप पांडेय, दीपक बाबा, किशोर गुप्ता, रवि वर्मा, प्रताप मद्धेशिया, शिक्षक शिरीष पांडेय, जन्मेजय सिंह, चंद्र प्रकाश मिश्रा, हरिकेश पाठक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के समापन तक पूरे नगर में देशभक्ति का उत्साह बना रहा। हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते राष्ट्रभक्ति के नारों ने नौतनवा में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का माहौल पहले ही तैयार कर दिया।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *