बचपन स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा राष्ट्रीय पर्व, तिरंगा रैली ने बांधा समां
बचपन स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा राष्ट्रीय पर्व, तिरंगा रैली ने बांधा समां
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । नगर के बचपन ए प्ले स्कूल में राष्ट्रीय पर्व को बड़े हर्षोल्लास और भव्य तरीके से मनाया गया। पांच दिनों तक चले विशेष आयोजन में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को देश, तिरंगे और देशभक्ति के महत्व के बारे में रोचक ढंग से बताया और समझाया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने हर दिन अपने देश और तिरंगे की शान में कुछ नया सीखा और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों ने क्राफ्ट, ड्राइंग, डांस, पोएम, फैंसी ड्रेस, स्पीच, क्विज और देशभक्ति गीत सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने मनोरंजन के साथ-साथ देश के प्रति प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी का भाव भी सीखा। बच्चों को देश के वीर शहीदों के नाम और उनकी वीर गाथाओं के बारे में भी जानकारी दी गई तथा उन्हें स्वतंत्रता संग्राम और आजादी की कहानी सुनाई गई।
स्कूल की डायरेक्टर अंजली ने बच्चों को राष्ट्रीय पर्व के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य लोगों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। इसलिए हम सभी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए तथा अपने हिस्से की जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए। उन्होंने बच्चों से देश और देशवासियों का सदैव सम्मान करने तथा मेहनत और लगन से देश का नाम आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में बच्चे और शिक्षक एक ही रंग में देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आए। पूरा विद्यालय परिसर तिरंगामय हो गया और बच्चों ने देशभक्ति से जुड़े स्लोगन भी लगाए।
इस अवसर पर डायरेक्टर अंजली ने बच्चों को एक अलग तरह का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि हम कभी भी अन्न का अपमान नहीं करेंगे और थाली में भोजन नहीं छोड़ेंगे। अपने आसपास हर तरह की स्वच्छता रखेंगे—चाहे वह शब्दों की हो, विचारों की हो या अपने आसपास के स्थान की। सभी धर्मों का आदर और सम्मान करेंगे तथा पानी की बचत को अपनी जिम्मेदारी समझेंगे।
कार्यक्रम में बच्चों ने देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। काव्या, अनिका, कृतिका और श्री ने रानी लक्ष्मीबाई का रूप धारण किया। अरशदीप, गुनीत और प्रिशा भगत सिंह के रूप में नजर आए, जबकि रक्षित ने पंडित जवाहरलाल नेहरू का रूप धारण किया। अवयान, दिव्यांश, अक्षित, आद्रीका, देवांश, अनाया, रूद्र, सात्विक और अंश सहित अन्य बच्चों ने सैनिकों का गेटअप लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
बच्चों की प्रस्तुतियों और तिरंगा रैली ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यालय की शिक्षिकाओं रिंकल, तेजस्वी, मोनिका, वैष्णवी, ईशा, प्रीती, अंजली, इशिता, अंशिका, श्रद्धा और मनिता ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में बचपन से ही देशभक्ति, अनुशासन, जिम्मेदारी, स्वच्छता, सद्भाव और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।






























