नशे के खिलाफ नौतनवा में जागरूकता रैली, पालिका अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी
नशे के खिलाफ नौतनवा में जागरूकता रैली, पालिका अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी

.आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । समाज को भीतर से खोखला कर रही नशे की लत के खिलाफ अब नौतनवा में भी आवाज बुलंद होने लगी है। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र, नौतनवा द्वारा शुक्रवार को नशा मुक्ति अभियान के तहत नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के जरिए लोगों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकलने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
रैली का शुभारंभ नौतनवा नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में शामिल लोगों ने नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र द्वारा नशे की बुराई के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान समाज के लिए बेहद सराहनीय और जरूरी पहल है।
उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नशे को जिंदगी से बाहर करें और स्वस्थ, स्वच्छ एवं संस्कारवान समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
रैली के दौरान लोगों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता पैदा की गई और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। आयोजन में नगर के लोगों की सहभागिता भी देखने को मिली।
इस दौरान सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अशोक रौनियार, अनिल जायसवाल, रवि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।






























