रोहिन बैराज में नहाने के दौरान सोनौली क्षेत्र के दो बच्चों की डूबने से मौत, परिवारों में मचा कोहराम
रोहिन बैराज में नहाने के दौरान सोनौली क्षेत्र के दो बच्चों की डूबने से मौत, परिवारों में मचा कोहराम
आई एन न्यूज परसामलिक डेस्क:
परसामलिक थाना क्षेत्र के बनैलिया माता रोहिन बैराज के गेट संख्या-03 पर रविवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब नहाने के दौरान दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए। हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को पानी से बाहर निकलवाया।
मृतकों की पहचान प्रिंस वर्मा पुत्र विनय वर्मा, निवासी महुअवा थाना सोनौली, उम्र करीब 20 वर्ष तथा मोनू साहनी पुत्र पवन साहनी, उम्र करीब 14 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों बच्चे रोहिन बैराज के गेट संख्या-03 के पास नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही परसामलिक पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई। कुछ देर की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह तथा थानाध्यक्ष नौतनवा अभिषेक सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक ही हादसे में दो जिंदगियों के बुझ जाने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस उम्र में परिवार को बच्चों की हंसी-खुशी और भविष्य के सपने संजोने थे, उस उम्र में अचानक हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। हादसे के बाद बैराज क्षेत्र में भी लोगों के बीच गम और सन्नाटा पसरा रहा।
स्थानीय लोगों ने बैराज और जलाशय के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।
इंडो नेपाल न्यूज़ परिवार





































