बुझ गए दो घरों के चिराग; मां-बाप के आंसू देख विधायक की आंखें भी छलकीं, चार-चार लाख की मदद
बुझ गए दो घरों के चिराग; मां-बाप के आंसू देख विधायक की आंखें भी छलकीं, चार-चार लाख की मदद
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: परसामलिक थाना क्षेत्र के बनैलिया माता-रोहिन बैराज के गेट संख्या-03 पर रविवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो युवाओं की दर्दनाक मौत ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान सोनौली थाना क्षेत्र के महुअवा निवासी प्रिंस वर्मा (20) पुत्र विनय वर्मा और मोनू साहनी (14) पुत्र पवन साहनी के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार को दोनों रोहिन बैराज के गेट संख्या-03 के पास नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका।
घटना की खबर मिलते ही नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी भी मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस अपार दुख की घड़ी में वह और पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि “हम आपकी खुशी तो वापस नहीं ला सकते, लेकिन आपके दुख से हम सभी बेहद दुखी हैं। इस कठिन समय में हम आपके साथ खड़े हैं और हर संभव सहयोग करेंगे।”
अपने वादे के मुताबिक विधायक ऋषि त्रिपाठी आज मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे एसडीएम नौतनवा कुणाल के साथ महुअवा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक प्रिंस वर्मा के परिवार को चार लाख रुपये और मोनू साहनी के परिवार को भी चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
प्रिंस वर्मा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से परिवार का जैसे चिराग ही बुझ गया। मां के करुण क्रंदन और पिता की टूट चुकी उम्मीदों को देखकर विधायक ऋषि त्रिपाठी की आंखें भी नम हो गईं। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
वहीं मोनू साहनी के घर भी मातम पसरा हुआ है। महज 14 वर्ष की उम्र में उसकी असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। विधायक ने परिजनों को चार लाख रुपये का चेक सौंपते हुए उनके दुख में सहभागी बनने और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, तहसीलदार नौतनवा करण सिंह सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।






































