झूठ बोलना, अफवाह फैलाना विरोधियों की जन्‍मजात दिक्‍कत हैः पीएम मोदी

झूठ बोलना, अफवाह फैलाना विरोधियों की जन्‍मजात दिक्‍कत हैः पीएम मोदी

गोरखपुर से विजय कुमार सिंह कि रिपोर्ट।
पीएम मोदी ने कहा कि अब तक 2021 करोड़ रुपये अब तक किसानों के खाते में जा चुके हैं. टोटल 12 करोड़ किसानों के खातों में यह रकम जाएगी. यह तो अभी शुरुआत है. इस योजना के तहत हर साल लगभग 75 हजार करोड़ रुपये किसानों के खाते में सीधा पहुंचने वाले हैं। देश के 12 करोड़ छोटे किसान जिनके पास 5 एकड़ या उससे कम जमीन है ऐसे सभी किसानों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।
अब किसानों को बीज, खाद, दवा, बिजली बिल भरने के लिए परेशान नहीं होना होगा, केंद्र सरकार हर साल 6 हजार रुपये सीधे आपके बैंक खाते में ट्रांसफर करेगी।
2000 रुपये की पहली किश्‍त किसानों के खातों में जमा की गई है, कुछ किसानों को अभी सर्टिफिकेट भी दिए गए हैं, जिन किसानों को आज पहली किश्‍त नहीं मिली है, उन्‍हें आने वाले कुछ ही हफ्तों में पहली किश्‍त मिल जाएगी। इस योजना में जो पैसे किसानों को दिए जाएंगे, उसकी पाई -पाई केंद्र सरकार की तरफ से दी जाएगी, राज्‍य सरकारों काे कुछ नहीं करना है।
राज्‍यों को केवल किसानों की सही लिस्‍ट हम तक पहुंचानी है, मैं उत्‍तर प्रदेश, गुजरात, बिहार, महाराष्‍ट्र, उत्‍तराखंड की सरकारों का अभिनंदन करता हूं कि उन्‍होंने अपने काम को प्राथमिकता दी, अभी कई सरकारों की नींद अभी नहीं खुली है, मैं इन सरकारों को चेतावनी देता हूं कि आपने किसानों की सूची समय से नहीं पहुंचाई तो किसानों की बददुआएं आपकी राजनीति को तहस-नहस कर देगी।
मैं यह भी कहना चाहता हूं कि इस योजना को लेकर किसी के बहकावे में न आएं, आपने संसद में देखा होगा, जैसे ही इस योजना की घोषणा हुई, चेहरा लटक गया था।
विरोधी तमाम तरह के दुष्‍प्रचार कर रहे हैं, उनके चक्‍कर में न आएं, ये आपका पैसा है, कोई इसे वापस नहीं ले सकता, खुद मोदी भी नहीं, ऐसे अफवाह फैलाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दे देना। झूठ बोलना, अफवाह फैलाना विरोधियों की जन्‍मजात दिक्‍कत है।
उन्होंने कहाकि चुनाव से पहले सारे महामिलावटी लोग एक हो गए हैं, कांग्रेस हो, सपा हो, बसपा हो, इनलोगों को दस साल में एक बार किसान याद आ जाते हैं. हर दस साल में कर्जमाफी की याद आ जाती है, उन्‍हें पता नहीं था कि मोदी कुछ अलग कर देगा। हम संसद में बोले हैं और बजट में पैसा अलॉट करके बोले हैं, ये हमारी ईमानदारी है।
2008 में सरकारी दफ्तर के हिसाब से किसानों पर कर्ज था 6 लाख करोड़ रुपया, उन्‍होंने कर्जमाफी की तो सभी 6 लाख रुपये माफ होने चाहिए थे, 2009 में चुनाव हुआ, वे कुर्सी पर चिपक गए, रिमोट कंट्रोल चालू हो गया, सब चुप हो गए, चेले-चपाटे भी चुप हो गए।
उन्होंने कहा कि हम जो योजना लाए हैं, साल में 2000 रुपये तीन बार किसानों के खाते में जाएंगे, हर दस साल में साढ़े 7 लाख करोड़ रुपये देंगे। कोई बिचौलिया नहीं, दलाल नहीं, न जाति और न धर्म, जिसके पास 5 एकड़ या उससे कम जमीन है, उसके खाते में सीधा पैसा जाएगा।
हमारी सरकार प्रधानमंत्री सिंचाई योजना पर करीब एक लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है, लटकी हुई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए काम किया जा रहा है।
इन सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए कोई प्रदर्शन नहीं हुआ था, इन्‍हें पूरा न करके कर्जमाफी करना आसान था, कांग्रेस के चेले चपाटों का लाभ होता, मेरे गरीब किसानों का लाभ नहीं होता।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के स्‍वास्‍थ्‍य योजनाओं को मजबूती देने के लिए आज कई परियोजनाओं का शिलान्‍यास व लोकार्पण किया गया है, गोरखपुर एम्‍स में आज से मरीजों की जांच शुरू हो जाएगी।पूर्वांचल की कनेक्‍टिविटी को और आधुनिक बनाया जा रहा है, वाल्‍मीकिनगर और गोरखपुर सेक्‍शन का बिजलीकरण किया गया है, यहां भी अब इलेक्‍ट्रिक इंजन बनाए जाएंगे। बीते साढ़े चार साल में केंद्र सरकार ने देश में विकास की नई धारा का प्रवाह किया है, ऐसी कई योजनाओं के लाभार्थियों का चयन वैज्ञानिक तरीके से किया जा रहा है, सभी पंथ, जाति, मजहब के लोगों को हमारी योजनाओं के लाभ मिलने तय हैं। यही कारण है कि भारत पुरानी स्‍थिति से बाहर निकलता जा रहा है, यह सब इसलिए हो रहा है, क्‍योंकि आपने पिछले चुनाव में मुझे चुनकर भेजा। यह सब इसलिए हो रहा है कि आपने मुझे फैसले लेने के लिए ताकत दी, आपका आशीर्वाद ऐसे ही बना रहे, इसी कामना के साथ देश के सभी किसानों को सिर झुकाकर नमन करता हूं।

Translate »
  1. ब्रेकिंग न्यूज़: ऊ०प्र०- जिले की हर छोटी बड़ी खबर लाइव देखने के लिए
  2. जुड़े रहे इंडोनेपालन्यूज़ के फेसबुक पेज से, शहर के हर छोटी बड़ी खबर हम आपको लाइव दिखाएंगे