नेपाल के बुटवल में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
नेपाल के बुटवल में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
बुटवल में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर के प्रमुख इलाकों—अमर पथ, बुद्ध चौक, राम मंदिर सहित कई व्यस्त बाजार क्षेत्रों में सड़क और नाली पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
महानगरपालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर फुटपाथों पर बने अस्थायी दुकानों, अवैध ढांचों और सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाया। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर से कई अवैध संरचनाओं को ध्वस्त किया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रशासन के अनुसार, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को पहले ही कई बार नोटिस और सार्वजनिक घोषणा के जरिए चेतावनी दी गई थी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर मजबूरन यह कार्रवाई करनी पड़ी।
अधिकारियों का कहना है कि शहर के मुख्य मार्गों और फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों, खासकर पैदल यात्रियों और एम्बुलेंस जैसी आपात सेवाओं को भारी परेशानी हो रही थी।
अभियान के दौरान कई जगहों पर सड़क की निर्धारित सीमा (राइट ऑफ वे) के भीतर बने ढांचे भी हटाए गए। इसके साथ ही सड़क किनारे खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर कब्जे से मुक्त कराया गया।
स्थानीय प्रशासन ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के अन्य इलाकों में भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। महानगरपालिका बुटवल के अमर पथ, बुद्ध चौक, राम मंदिर सहित कई जगहों पर कार्रवाई
फुटपाथ और नालियों पर बने अवैध ढांचे हटाए गए।
(सूत्र नेपाल सोशल मीडिया)


