गोरखपुर आ रहे राष्ट्रपति, दो विश्वविद्यालयों का करेंगे शिलान्यास
गोरखपुर आ रहे राष्ट्रपति, दो विश्वविद्यालयों का करेंगे शिलान्यास
आई एन न्यूज गोरखपुर डेस्क: राम नाथ कोविन्द राष्ट्रपति आज शनिवार को कुछ ही देर बाद सुबह 10.40 बजे अपनी पत्नी एवं देश की प्रथम महिला सविता कोविन्द एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने वाले है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति भटहट के पिपरी में प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे और मानीराम के सोनबरसा में महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगे। 3.15 बजे राष्ट्रपति एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। दोनों स्थानों पर कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिपरी एवं सोनबरसा में कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया है और अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए तैयारियों पर अंतिम मुहर लगाई है।
राष्ट्रपति के सुबह 11 बजे से भटहट के पिपरी में करीब 299 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। राष्ट्रपति यहां उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। यहां मंच पर राष्ट्रपति, उनकी पत्नी, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्थानीय सांसद एवं विधायक मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए पिपरी में हेलीपैड से लेकर मुख्य पंडाल तक पांच स्विस काटेज बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रपति के लिए मंच के पास ग्रीन हाउस भी बनाया गया है। कार्यक्रम स्थलों पर आने वाले लोगों की गाड़ियां खड़ी करने के लिए तीन पार्किंग स्थल भी तैयार किए गए हैं। पानी के कारण कुछ व्यवधान उत्पन्न हुआ था लेकिन प्रशासन ने सभी कमियों को दूर कर लिया है।
पिपरी से निकलकर राष्ट्रपति 12.25 बजे मानीराम सोनबरसा स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय का लोकार्पण करने पहुंचेंगे। यहां भी उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए यहां भी करीब पांच स्विस काटेज व एक ग्रीन हाउस बनाया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति यहां अतिथि गृह में दोपहर का भोजन करेंगे और आमंत्रित 10 लोगों से मुलाकात करेंगे। वह दोपहर बाद 3.15 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
उत्तर प्रदेश।





