जनता को सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता —- सीएम
जनता को सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता —- सीएम
15 दिसम्बर से पूर्व बाढ़ बचाव कार्य योजना तैयार कर लें अधिकारी ।

आई एन न्यूज गोरखपुर:
उ०प्र० के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिया है कि 15 दिसम्बर से पूर्व बाढ़ बचाव कार्य योजना तैयार कर लें तथा 15 मई से पूर्व उसका निर्माण पूरा करा लें। इसके लिए धन की कोई कमी नही होनी दी जायेगी।
उक्त बाते मंगलवार को वे सदर तहसील के दक्षिणी भू-भाग में तरकुलानी के समीप 40.66 करोड़ रूपये की लागत से रेगुलेटर के पास पम्पिंग स्टेशन का शिलान्यास करने के बाद सभा को सम्बोधित करने के दौरान उन्होंने कहा कि जनता को सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता है। बाढ़ से जान माल की क्षति न होने पाये इसके लिए बन्धों को मजबूत करें। जहां आवश्यक है वहां रिटेनिंग वाल बनाये तथा बोल्डर पिचिंग करायें। सुरक्षा के साथ साथ सिंचाई भी महत्वपूर्ण है।। 
कड़े शब्दो में उन्होंने कहा कि बाढ़ बचाव कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नही होगी। नहरों को पूरी तरह साफ सुथरा रखें ताकि टेल तक पानी पहुंचे। कार्य योजना समय से भारत सरकार को भेजें ताकि वहां से धन प्राप्त कर के समय से कार्य पूरा कराया जा सके।
इस वर्ष नहर की सफाई कार्य का ड्रोन कैमरे से मानीटरिंग की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेगुलेटर पर पम्पिंग स्टेशन की मांग जनता 1954 से कर रही है। 2009 में जब यह मेरे संसदीय क्षेत्र में था, तभी से प्रयास प्रारम्भ किया और मुख्यमंत्री बनते ही 6 माह के भीतर इसको स्वीकृत कर दिया। पम्प हाउस बन जाने से 47 गांव की लगभग 50 हजार आबादी जल प्लावन एंव बाढ़ से सुरक्षित हो जायेगी। वह रबी एंव खरीफ दोनों फसले ले सकेंगे तथा बाढ़ के बाद होने वाली बीमारियों से भी सुरक्षित हो जायेगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय से इस कार्य को पूरा करें। पूरी धनराशि एकसाथ विभाग को दे दी गयी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिले के लिए 50 नलकूप भी स्वीकृत किये गये है। उन्होंने निर्देश दिया कि इन नलकूपों को नहर की सिंचाई उपलब्ध न होने वाले क्षेत्र में स्थापित करायें।
समारोह को प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह तथा विधायक विपिन सिंह ने भी सम्बोधित किया। प्रमुख अभियंता सिंचाई अजय सिंह ने बताया पम्प संचालित करने के लिए बिजली आपूर्ति न रहने पर जरेटर की व्यवस्था भी की गयी है। कुल 14 पम्प स्थापित किये जायेंगे। मुख्य अभियंता गण्डक वी.पी. सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव सिंचाई सुरेश चन्द्रा, जिलाधिकारी राजीव रौतेला, एस.एस.पी. सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज, कृष्णचन्द वर्मा, राकेश प्रताप, सुरेश तिवारी,उपस्थित रहे।
(विशेष संवाददाता गोरखपुर)





