भारत में अवैध रुप से घुसपैठ करने वाली विदेशी महिला दो बच्चों संग गिरफ्तार।

भारत में अवैध रुप से घुसपैठ करने वाली विदेशी महिला दो बच्चों संग गिरफ्तार।
आई एन न्यूज गोरखपुर डेस्क:
एसएसबी 43वीं वाहिनी की टीम ने मंगलवार को गोरखपुर बस स्टेशन के पास से एक रूसी महिला को दो बच्चों के साथ गिरफ्तार कर लिया। टीम महिला को अपने साथ सिद्धार्थ नगर जिले में ले गई और पूछताछ के बाद मोहाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। महिला ककरहवा कस्बा के पास से जिले में प्रवेश की थी।
बता दे कि नेपाल सीमा के ककरहवा कस्बा के पास पिलर संख्या 544/36 के पास से पगडंडी के रास्ते दो बच्चों के साथ एक रसियन महिला साइकिल से जिले में प्रवेश कर गई। आसपास के ग्रामीणों ने उसे रोककर जानकारी लेनी चाही तो महिला ग्रामीणों से शौचालय का बहाना बनाकर साइकिल छोड़ जंगल में चली गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना एसएसबी को दी। सूचना पाकर पहुंचे एसएसबी के जवान साइकिल के पास महिला का इंतजार करते रहे लेकिन वह लौटकर नहीं आई। एसएसबी जवानों ने इसकी सूचना एसएसबी कमांडेंट को दी। कमांडेंट जनार्दन प्रसाद ने सभी को तत्काल अलर्ट कर दिया। इस दौरान पता चला कि वो टैक्सी से बर्डपुर होते हुए नौगढ़ पहंुचकर बस से गोरखपुर के लिए चल दी है। कमांडेंट ने इसकी सूचना एसएसबी के डीआईजी मुख्यालय गोरखपुर को दी। इसके बाद कार्यवाहक डीआईजी एसएस थापा के निर्देश पर गोरखपुर बस स्टेशन से इंस्पेक्टर राजीव कुमार, एएसआई बीज्वाय डेका, एचसीपी अवनीश चंद्र शुक्ल, राजू तिवारी की टीम ने रसियन महिला को दो बच्चों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रसियन महिला ने अपना नाम नटालिया (27) और बच्चों का नाम मैक्सिम (5) व मारिया (2) बताया है। उसने यह भी बताया है कि वर्ष 2015 में अपने पति से तलाक होने के बाद वह तीन वर्षों से नेपाल में रह रही थी। एसएसबी कमांडेंट जनार्दन प्रसाद ने बताया कि उसके पास से पासपोर्ट आदि कोई भी दस्तावेज नहीं मिला है। एसएसबी ने उसे सिविल पुलिस को सौंप दिया है जो पूछताछ में जुटी हुई है।





