दो जिलाबदर अपराधी असलहों समेत गिरफ्तार

दो जिलाबदर अपराधी असलहों समेत गिरफ्तार।
मदनपुर व बड़हलगंज थाना में 24 अपराधिक दर्ज है मुकदमें ।
आई एन न्यूज गोरखपुर डेस्क:
गोरखपुर। बड़हलगंज पुलिस ने जिला बदर दो बदमाशों को उस समय गिरफ्तार किया जब दोनों किसी अपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इन बदमाशों के पास से तकरीबन आधा दर्जन असलहे व एक बोलेरो जीप भी बरामद किया है। इन बदमाशों पर देवरिया जनपद के मदनपुर थाना व गोरखपुर के बड़हलगंज थाना में तकरीबन दो दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।
एसपी यातायात आदित्य वर्मा ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में एक प्रेस वार्ता में मीडिया के समक्ष दोनों बदमाशों को पेश किया। पकड़े गये बदमाश सुनील यादव पुत्र स्व़ जवाहिर व गिरजेश यादव पुत्र रामनाथ यादव निवासी दवनाडीह थाना बड़हलगंज के रहने वाले हैं। एसपी यातायात ने बताया कि बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मोहाल जलकर बड़ी पुलिया के पास राइफल लेकर किसी का इंतजार कर रहे सुनील यादव का सामना बड़हलगंज पुलिस से हो गया। भागने से पहले ही दबोचा गया और कुछ ही दूरी पर बोलेरो में बैठा उसका चाचा गिरजेश यादव को भी पुलिस ने दबोच लिया जिसके पास से भी पिस्टल व बंदूक मिले। तलाशी में बोलेरो जीप के सीट के नीचे भी कुछ असलहे व कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया और दोनों को न्यायालय के लिए रवाना कर दिया। जनपद के बड़हलगंज व देवरिया के मदनपुर थाना में कुल 24 अपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। दोनों को जिलाधिकारी गोरखपुर राजीव रौतेला ने 16 नवम्बर को जिलाबदर घोषित कर दिया था। पकड़े गये दोनों बदमाश बड़हलगंज थाना के हिस्ट्रीशीटर भी हैं।





